देवरिया। बैंक से रुपये लेकर जाने वाले बुजुर्गों के झोले से रुपये निकालकर भागने वाले गिरोह के एक सदस्य को कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़ा गया युवक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। सदर कोतवाली के अहीर परसिया गांव के श्रीकृष्ण 20 सितंबर को यूनियन बैंक से रुपये निकालकर जा रहे थे। किसी काम से जिला पंचायत में चले गए। इस दौरान दो युवक मिले और फूफा कहकर झोले की तलाशी ली। उसमें रखा 50 हजार रुपये उड़ा लिए थे। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी थी। इसके अगले दिन 21 सितंबर को तरकुलवा थानाक्षेत्र के मेहा हरहंगपुर के रहने वाले सईद एसबीआई से रुपये निकालकर घर जा रहे थे। झोले में रखा 30 हजार रुपये छीनकर युवक भाग गए। उन्होंने कोतवाली में शिकायत की थी। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि रुपये छीनकर भागने वाले एक युवक को पकड़ा गया है।