पंचायत चुनाव के चौथे चरण में गुरुवार को जिले के चार ब्लाकों में छिटपुट घटनाओं के बीच 51.44 फीसदी मतदान हुआ। दिन भर हुई बूंदाबांदी का मतदान पर भरपूर असर दिखा। मौसम के साथ वोटर भी ठंडे नजर आए।
देर शाम मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटिकाओं को ब्लाक व जिला मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच सील कर दिया गया है।
बरहज, भलुअनी, भागलपुर और लार ब्लॉक में जिला पंचायत के 13 और बीडीसी के 306 पदों के सापेक्ष 297 पदों पर मतदान हुआ।
शेष नौ पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने जाएंगे। बुधवार की रात से ही बारिश होने के कारण गुरुवार की सुबह मतदान प्रभावित हुआ। सुबह 10 बजे तक बूथों पर मतदाताओं की संख्या काफी कम रही।
वहीं लार, बरहज, भलुअनी के कई मतदान केंद्रों पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी विवाद का कारण बनी। भलुअनी बूथ, भागलपुर के नेमा, लार के सहजौर, मटियरा जगदीश, मेहरौना, गढ़वा, रामनगर, इटहुरा मिश्र मतदान केंद्र पर हंगामा हुआ। रामनगर में बूथ पर पुलिस ने लोगों को दौड़ाया, यहां कई लोग घायल हो गए।
भलुअनी के सोनबरसा बूथ पर जिला पंचायत वार्ड संख्या 28 की जगह वार्ड संख्या 27 का मतपत्र पहुंचने से दिक्कतें आई हैं। महुई संग्राम, बीजापुर झंटौर में जिला पंचायत के प्रत्याशी आपस में भिड़ गए।
नरौली भीखम के तेनुआ मतदान केंद्र पर दो बूथों के चार मतपेटी निजी वाहन से ले जाने पर लोगों ने हंगामा किया। बरहज के अजयपुरा में फर्जी वोटिंग की शिकायत पर प्रशासन की फज्ीहत हुई।