आरोपियों ने बरामद कराए पांच हजार रुपये
आठ अक्तूबर को स्टेशन रोड पर मुनीम सुभाष की हत्या कर हुई थी लूट
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। स्टेशन रोड पर मुनीम सुभाष मद्धेशिया की हत्या कर लूट के मामले में न्यायालय में हाजिर हुए दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को रिमांड पर लिया। दोनों ने पुलिस को पांच हजार रुपये बरामद कराए। निर्धारित समय पर पुलिस ने दोनों को न्यायालय में दाखिल कर दिया।
तरकुलवा के रहने वाले मुनीम सुभाष मद्धेशिया आठ अक्तूबर को बिहार से गेहूं के रुपये लेकर लौटे थे। भोर में स्टेशन रोड पर पीएनबी की मुख्य शाखा के पास बदमाशों ने गोली मारकर उनसे रुपये लूट लिए थे। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो राघवनगर मोहल्ले के रहने वाले पिता-पुत्र, कुशीनगर के रहने वाले एक बुजुर्ग और गोरखपुर के तीन लोगों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। एक कोर्ट में हाजिर हो गया था। गोरखपुर के रहने वाले दो फरार चल रहे थे। पुलिस ने सख्ती की तो 23 और 26 जून को दोनों न्यायालय में हाजिर हो गए। सदर कोतवाली पुलिस ने गोरखपुर के खोराबार के रहने संजय पासवान और दरगहिया के अनिकेत शर्मा को सुबह 10 बजे रिमांड पर लिया। पुलिस को संजय ने 2800 और अनिकेत शर्मा ने 2200 रुपये बरामद कराए। शाम तीन बजे से पूर्व ही पुलिस ने दोनों को जेल में दाखिल कर दिया। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि हत्या और लूट के मामले में कोर्ट में हाजिर हुए दोनों को रिमांड पर लिया गया था। दोनों ने लूटे गए रुपये में से पांच हजार बरामद कराए हैं।