खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दूध के लिए पांच नमूने
अभियान चलाकर की गई कार्रवाई, जांच के लिए सैंपल भेजा
जांच रिपोर्ट में मिलावट मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत होगी विधिक कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने दूध में मिलावट की रोकथाम को लेकर शनिवार को अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न स्थानों दूध के पांच नमूने लिए, जिससे जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर दुग्ध व दुग्ध पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में अभियान चलाया। शहर के न्यू कॉलोनी मोहल्ले से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत त्रिपाठी ने खाद्य कारोबारकर्ता राघव से गाय के दूध का नमूना लिया।
संदीप कुमार श्रीवास्तव ने उसी स्थान से मिश्रित दूध का नमूना एकत्र किया। शहर में आने वाले दूधियों को गुरुद्वारा रोड पर रोककर खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष मल्ल तथा रंजन कुमार श्रीवास्तव ने गाय के दूध का नमूना लिया। वहीं, डॉ. शमशुल आजम की गली के पास डॉ. सुभेस कुमार ने गाय के दूध का नमूना एकत्र किया। अजीत त्रिपाठी ने कहा कि शहर में अभियान चलाकर दूध के पांच नमूने लिए गए हैं। उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला झांसी में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।