देवरिया के फुलवरिया करन गांव में शिक्षक और उनके भाई की हत्या की घटना के बाद जिले में सहानुभूति की लहर दौड़ गई है। रविवार को गांव में श्रद्धांजलि सभा में सभी दलों के नेताओं के अलावा इलाके के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोगों ने पीड़ित परिवार को 5.15 लाख रुपये चंदा इकट्ठा कर दिया।
एक सप्ताह पूर्व कोतवाली के फुलवरिया करन गांव में कंबाइन से गेहूं की फसल कटवाने के विवाद में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अनिल तिवारी और उनके भाई चंद्रमोहन की तलवार घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना की लोगों ने कड़े शब्दों में निंदा की। पीड़ित परिवार की माली हालत खराब होने पर लोग मदद के लिए आगे आए हैं। गांव में लोगों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इसमें बच्चों की जुबानी घटना सुनकर लोग भावुक हो गए।
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से प्रदेश संयोजक डॉ. अभय मणि त्रिपाठी और डॉ. जेएन पांडेय ने 45,000 रुपये और केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र की तरफ से भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने 25,000 रुपये की आर्थिक मदद दी।
इसके अलावा पूर्व विधायक सुरेश तिवारी ने एक लाख रुपये, मणिशंकर ने 31,000 रुपये, पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि ने पांच हजार, सपा नेता पीडी तिवारी ने 21,000 रुपये, बसपा नेता अभयनाथ तिवारी ने 11,000 रुपये, जटाशंकर दुबे ने 10,000 रुपये, नित्यानंद यादव, बंधु उपेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव और पथरदेवा के संजय सिंह ने पांच-पांच हजार रुपये, ठेकेदार बबलू तिवारी ने 21,000 रुपये दिए। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नित्यानंद यादव और मंत्री ऋषिकेश जायसवाल ने संगठन की ओर से 22,000 रुपये की मदद दी। इस मौके पर धर्मशील, अनिल, टीएन मिश्र, दिवाकर, भोला चौबे, सनत पांडेय आदि मौजूद रहे।