10 अतिरिक्त आरक्षित मजिस्ट्रेट किए गए हैं नामित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। ईद उल जुहा (बकरीद) का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिले में 47 मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। इनके अलावा 10 अतिरिक्त आरक्षित मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिला मजिस्ट्रेट अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि इस वर्ष चंद्रदर्शन के अनुसार 29 जून को बकरीद मनाया जा रहा है।
नामित मजिस्ट्रेट अपने तहसील क्षेत्र के समस्त ईदगाहों का भ्रमण कर ईदगाह स्थल पर जाने वाले मार्गों की सफाई पर ध्यान दें। कोई अतिक्रमण हो तो उसे हटवाने का कार्य मुख्य त्योहार के पूर्व ही कर लें। ईदगाहों पर पानी व अन्य आवश्यक व्यवस्था का प्रबंध नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों ग्राम पंचायतों के सहयोग से समय से पूर्व करा लेंगे। आवश्यकतानुसार तहसील कर्मियों की तैनाती अपने स्तर से करें। पुलिस अधीक्षक अपराधी व शरारती किस्म के अराजक व्यक्तियों व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर इनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे। सभी थानाध्यक्षों को नामित मजिस्ट्रेटगण से उनके दूरभाष पर संपर्क कर संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कराने तथा पुलिस बल और उप निरीक्षक की तैनाती करने के लिए संबंधित को निर्देशित करेंगे।