डीएम ने खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ
देवरिया। जिले के सोलह विकास खंडों में 430900 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम तहत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ किया। उन्होंने कैंप कार्यालय से सभी बहुउद्देशीय पशु चिकित्सा सचल वाहनों को टीकाकरण टीम के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक विषाणुजनित संक्रामक रोग है। यदि समय पर इलाज नहीं होता है तो पशु की मौत भी हो जाती है। इस रोग से बचाव के लिए मात्र टीकाकरण ही विकल्प है। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम केंद्र सरकार एवं पोषित व राज्य सरकार की ओर से संचालित है। टीकाकरण कार्य पशुपालकों के द्वार पर निशुल्क किया जाना है। उन्होंने कहा कि अभियान 31 जनवरी तक चलेगा। टीकाकरण कार्य के लिए 16 टीमों का गठन किया गया है, जो सभी विकास खंडों के पशुओं में टीकाकरण करेंगी।