गंगा सद्भावना यात्रा का हुआ स्वागत
गंगा को बचाने के लिए संघर्ष का लिया संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। गंगा को बचाने के लिए गोमुख से शुरू हुई गंगा सद्भावना यात्रा सोमवार को देवरिया पहुंची। शहर में उसका जोरदार स्वागत हुआ। नागरी प्रचारिणी सभागार में स्वागत के दौरान लोगों ने गंगा को बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष का संकल्प लिया।
यात्रा में शामिल वक्ताओं ने कहा कि गंगा सिर्फ नदी नहीं, बल्कि जीवनदायिनी है। करोड़ों लोगों की इससे आस्था जुड़ी है। वह पूरी तरह गंगा पर निर्भर हैं। नदी की अविरलता पर रोक से प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। इसका असर आम जनजीवन पर है। पूर्व और वर्तमान सरकार गंगा के संरक्षण पर गंभीर नहीं है। उनकी उपेक्षा के कारण ही लंबे समय से अनशनरत प्रो. जीडी अग्रवाल की जान चली गई। अविरल निर्मल गंगा के लिए सद्भावना यात्रा गंगासागर तक जाएगी और लोगों को गंगा के उद्धार के लिए संकल्पित कराएगी। स्वागत करने वालों में लवकुश विश्वकर्मा, सत्येंद्र तिवारी, आप के जिलाध्यक्ष हरिनारायण चौहान, चतुरानन ओझा, मधुसूदन उपाध्याय, रामधनी सिंह, आरपी तिवारी, श्यामबली, सलीम, राकेश सिंह, उद्भव मिश्र, अशोक गुप्ता, राजेंद्र निषाद आदि शामिल रहे। अध्यक्षता जनार्दन शाही व संचालन मधुसूदन ने किया।