सदर तहसील में लेखपाल संघ का धरना जारी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। हड़ताल करने वाले लेखपालों पर ‘एस्मा’ के तहत कार्रवाई की चेतावनी जिले में बेअसर रही। लेखपाल संघ के आह्वान पर दूसरे दिन बुधवार को भी लेखपाल हड़ताल पर डटे रहे। तहसीलों में काम-काज ठप करते हुए लेखपालों ने विरोध-प्रदर्शन और धरना दिया।
सदर तहसील में अध्यक्ष राजकुमार मिश्र ने कहा कि सरकार के अड़ियल रवैए के चलते लेखपालों में नाराजगी है। हमारी आठ सूत्री मांगों पर सरकार विचार नहीं कर रही। उल्टे एस्मा लगाकर हमारी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। जब तक मांगे पूरी नहीं होती हड़ताल जारी रहेगा। मंत्री नर्वदेश्वर मिश्र ने कहा कि लेखपालों का प्रारंभिक वेतन ग्रेड पे 2800 किया जाए, वेतन व पेंशन विसंगति दूर कर वेतन भत्तों में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। राजस्व परिषद की ओर से प्रस्तावित राजस्व उपनिरीक्षक सेवा नियमावली 2017 को कैबिनेट की बैठक में पारित कर लेखपालों को लैपटॉप व स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान हरिश्चंद्र पांडेय, अनिरुद्ध मिश्र, रामप्रवेश गुप्ता, बालेंदू सिंह, अशोक पांडेय, नरेंद्र प्रसाद, संजय राय, कैलाश यादव, आदि मौजूद रहे।