भटनी। शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर शराबी ने अस्पताल गेट पर दुकानदार की पिटाई कर दी और तीन हजार रुपये नकद व सामान लूट लिया। इसके बाद शराबी साथियों साथ अनाथ गो आश्रम पहुंचा। वहां गो रक्षक की पिटाई के बाद जबरन दो गाय खोल ले गया। पिटाई से घायल दोनों लोगों का उपचार सीएचसी में कराया गया। दुकानदार और गो रक्षक ने थाने में तहरीर देकर शराबी व उसके साथियों पर कार्रवाई की मांग की। एसओ द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर एसपी से शिकायत किया है।
जिगिना दीक्षित गांव निवासी गोपाल दीक्षित अस्पताल गेट पर फल की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात दादर टोला निवासी एक शराबी उनके दुकान पर शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। रुपये नहीं देने पर दुकानदार को पीटकर घायल कर दिया और उनके दुकान से तीन हजार रुपये लूट लिया। इसके बाद शराबी साथियों के साथ अनाथ गो आश्रम पहुंचा। गौ रक्षक आतिश दीक्षित की पिटाई कर जबरन दो गाय खोल ले गया। शनिवार को दुकानदार और गो रक्षक दोनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ द्वारा शाम तक कोई कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। एसओ बृजेश द्विवेदी ने बताया कि शराबी के घर पुलिस गई थी, वह फरार है। मामले की जांच की जा रही है।