रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव को छात्र नेता दो खेमे में दिख रहे हैं। छात्रसंघ चुनाव पर रोक के लिए छात्रनेताओं का एक गुट आंदोलित है। उन्होंने प्राचार्य को पत्रक सौंपकर छात्रसंघ चुनाव पर रोक लगाने की मांग की। वहीं दूसरे गुट के छात्रनेता हर हाल में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं।
रामजी सहाय पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र नेताओं का प्रचार जोरों पर है। कॉलेज परिसर से लेकर नगर छात्र नेताओं के होर्डिंग से पटा है। छात्रनेता अंबुज पांडेय, सूर्यांशु तिवारी, विकास गुप्त, योगेश्वर गुप्ता, निखिल गुप्ता, रजत गुप्ता ने प्राचार्य को पत्रक देकर कहा कि छात्रसंघ चुनाव से छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। समय से पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो रहा। लिंगदोह की कमेटी के नियमों के अनुसार छात्रसंघ चुनाव कराने का समय बीत चुका है। ऐसे में चुनाव कराना नियमों की अनदेखी होगा। छात्रों के हितों को देखते हुए छात्रसंघ चुनाव बंद कराना चाहिए। वहीं दूसरे छात्रनेता जितेश यादव, अखिलेश यादव आदि ने छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। इस बाबत प्राचार्य डॉ. संतोष यादव ने कहा कि विश्व विद्यालय प्रशासन के उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद ही छात्रसंघ चुनाव कराने पर विचार किया जा सकता है।