रुद्रपुर। उमस भरी गर्मी में जीवित पुत्रिका व्रती महिलाएं बिजली बिना तड़पती रहीं। निर्जला व्रती महिलाओं को गर्मी से राहत के लिए बिजली तक नहीं मिली। बैरियाघाट चौराहे के समीप टूटे तार से नगर सहित गांव में करीब दो लाख की आबादी बिजली बिना बेहाल रही। क्षेत्र में बीस घंटे बिजली कटने से हाहाकार मच गया।
रुद्रपुर क्षेत्र में हर रात इमरजेंसी कटौती के नाम पर पांच से छह घंटे बिजली कट रही है। मंगलवार की रात 11 बजे बिजली आने के बाद दो बजे रात में कट गई। रुद्रपुर-देवरिया मार्ग स्थित बैरियाघाट चौराहे के करीब पोल से तार टूट कर गिर गया। बुधवार की सुबह बिजली विभाग फॉल्ट खोजने में लग गया। करीब तीन घंटे की खोज के बाद विभाग को बैरियाघाट के समीप टूटा तार मिला। इस दौरान बिजली बिना लोग व्याकुल हो गए। सबसे अधिक व्रती महिलाओं को परेशान होना पड़ा। बिजली के गायब होने से घरों में महिला झल्ला गईं। व्रती महिला शैलजा देवी, कुसुम, सरस्वती, बच्ची देवी पटेल, प्रियंका सिंह आदि ने कहा कि व्रत के दिन बिजली गायब होने से दुर्दशा हो गई। व्रत को देखते हुए शासन-प्रशासन को 24 घंटे बिजली देने की जरूरत थी, पर शेड्यूल के मुताबिक भी बिजली नहीं मिली। एसडीओ एके पाल ने कहा कि फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हो गई थी। दिन में करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।