भाटपाररानी। पीएचसी पर मंगलवार को प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। नवजात सही सलामत है। बवाल की आशंका देख प्रसूता को डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर काना चाहा, लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में अस्पताल कर्मियों ने शव को घर भेजवाया।
विकास खंड के ग्राम सरया निवासी संजय कुशवाहा की पत्नी बिंदू देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन मंगलवार की सुबह भाटपाररानी पीएचसी पर लेकर आए। बिंदू देवी को प्रात: 10 बजे बेटा पैदा हुआ। प्रसव के कुछ देर बाद बिंदू की मौत हो गई। फिलहाल बच्चा सही सलामत है। यह देख प्रसव कक्ष में अफरातफरी मच गई। तत्काल चिकित्सक भी पहुंच गए। प्रसव कक्ष के बाहर काफी संख्या में लोग जुट गए। परिजन मौत की खबर सुनकर रोने लगे। चिकित्सकों ने बवाल होने के डर से मृत बिंदू को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यह देख कर लोग नाराज हो गए। लोगों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने बताया कि प्रसव केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही से बिंदू की मौत हो गई। वे इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे। मौके पर तैनात चिकित्सक डॉ. जेपी शर्मा का कहना है कि बिंदू को सदर अस्पताल भेजा गया था, रास्ते में मौत हो गई होगी।