भटनी। बर्खास्त चल रही कोटे की दुकान के चुनाव के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। इससे भगदड़ मच गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने एक सेक्रेट्री की पिटाई कर दी। मारपीट होने के बाद कर्मचारी भाग निकले। एडीओ पंचायत ने इसकी शिकायत बीडीओ से की है।
भरहेचौरा में दो गुटों के खींचतान में करीब दो साल से कोटे की दुकान बर्खास्त चल रही है। दुकान के चयन के लिए बुधवार को चुनाव कराने की तिथि तय की गई थी। इसके लिए एसडीएम जयप्रकाश के निर्देश पर एडीओ पंचायत नंदकिशोर के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। धूप होने के कारण गांव में एक पेड़ के नीचे गांववाले एकत्रित हुए। कोटे की दुकान के लिए दिनेश साहनी और रामअवतार कुशवाहा ने दावेदारी की थी। अधिकारियों के सामने दोनों पक्ष के लोग आपस में मारपीट करने लगे। इससे वहां अफरातफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोगों ने सेक्रेट्री अशोक पाठक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख विवाद करने वाले भाग गए। एडीओ पंचायत ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया है। एसडीएम को इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएगी। वहीं प्रभारी एसओ रामसेवक ने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।