चार चोर गिरफ्तार, पांच चोरियों का पुलिस ने किया पर्दाफाश
चोरी के 1.79 लाख रुपये, 26 मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात मिले
आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर तीन को जेल और एक को बाल सुधार गृह भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली पुलिस ने चार चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी समेत अन्य सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने पांच चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया। तीन चोरों को जेल और एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
सदर कोतवाली में एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि इनामी बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एएसपी शिष्यपाल निर्देशन और सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय के पर्यवेक्षण में सदर कोतवाल टीजे सिंह शुक्रवार को टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर थे। उसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि चकियवां ढाले के पास चार संदिग्ध लोग मौजूद हैं। सूचना पर सदर कोतवाल टीजे सिंह मय टीम वहां पहुंचे। पुलिस ने चारों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तमंचा, गोली, चाकू, नकदी, मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम राजन गौंड़ उर्फ सूरज कुमार गौंड़, राहुल गौंड़, अमर गौंड़ निवासीगण गरुणपार बताया। उनका एक साथी नाबालिग है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि शहर के पांच घरों में चोरी की बात इन लोगों ने कबूल की है। चोरों के पास से 1.79 लाख रुपये, गहने, मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुए हैं। तीन को जेल और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। उन्होंने चोरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल सदर कोतवाल टीजे सिंह, एसआई विपिन मलिक, कांस्टेबल बृजेश कन्नौजिया, महेंद्र चौरसिया, राहुल यादव, रितेश राजभर, पंकज यादव, अमित चौबे, विनय प्रताप यादव को शाबासी दी।