सिद्धार्थनगर में 20 से 23 जून तक होगी सब जूनियर व जूनियर स्टेट तैराकी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खेल निदेशालय की ओर से 20 से 23 जून तक सिद्धार्थनगर में प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर व जूनियर स्टेट तैराकी प्रतियोगिता होगी। इसके लिए गोरखपुर मंडल की टीम का चयन कर लिया गया है। 37 सदस्यीय टीम में चार खिलाड़ी देवरिया के हैं। चयनित खिलाड़ी अपने प्रशिक्षक की देखरेख में खुद काे तरासने में लगे हुए हैं।
स्टेट प्रतियोगिता के लिए जिला ट्रायल 12 जून को स्पोर्ट्स स्टेडियम के तरणताल में और मंडल ट्रायल 13 जून को गोरखपुर क्षेत्रीय क्रीड़ांगन स्थित तरणताल में हुआ। मंडल ट्रायल में जिले से कुल 10 खिलाड़ियों ने दावेदारी की थी। इसमें जूनियर वर्ग में दीपशिखा का चयन हुआ है। वह 50 व 100 मीटर फ्री स्टाइल, 50, 100 व 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में प्रतिभाग करेंगी। वहीं, राजन चौहान 50 व 100 मीटर बैक स्ट्रोक, रिशुराज 800 व 1500 मीटर फ्री स्टाइल, सार्थक मिश्रा 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में हिस्सा लेंगे।
चारों खिलाड़ियों ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम के तरणताल में प्रशिक्षक देवानंद भारती व गंगतेश्वर सिंह की देखरेख में अभ्यास चल रहा है। स्टेट प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन रहे, इसके लिए वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अपनी कमियों को दूर करने में लगे हुए हैं।
पदक जीतकर आए तो स्टेडियम में होगा स्वागत
प्रभारी क्रीड़ाधिकारी अब्दुल अहद ने बताया कि जिले के चार खिलाड़ियों का मंडल टीम में स्टेट तैराकी के लिए चयन होना खुशी की बात है। पूरी उम्मीद है कि ये गोरखपुर मंडल को अधिक से अधिक पदक दिलाने के लिए बेहतर प्रदर्शन करेंगे। पदक जीतकर आने के बाद इन खिलाड़ियों का स्वागत किया जाएगा।