खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए चार नमूने
देवरिया। होली त्योहार को देखते हुए डीएम आशुतोष निरंजन के निर्देश पर मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को लार में छापा मारा। इस दौरान चार नमूने लिए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लार पहुंची। यहां लार-सलेमपुर मार्ग स्थित एक दुकान से सरसों तेल, मेन रोड स्थित एक दुकान से ब्रांडेड आयल तथा लार-देवरिया मार्ग स्थित दुकान से सरसों तेल व रिफाइंड सोयाबिन आयल का टीम ने नमूना लिया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुुमार श्रीवास्तव, रंजन कुमार श्रीवास्तव, अजीत कुमार त्रिपाठी, सुभेष कुमार, मनीष मल्ल आदि शामिल रहे।
इस संबंध में अभिहित अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि जनपद में खाद्य व पेय पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत चार नमूने लिए गए। नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई त्योहार तक चलेगी।