कोरोना से चार की मौत, 13 की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण में कमी आ रही है। शुक्रवार को चार लोगों की जहां मौत हो गई वहीं 13 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में पाजिटिव मरीजों की कुल संख्या 20038 हो चुकी है, जबकि 19526 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव केस 314 है। होम आइलोसेशन में 204 लोग हैं। जिले में 198 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित कोविड अस्पताल एल-2 में 37 तथा तीन निजी अस्पताल में भर्ती पांच लोगों का इलाज चल रहा है। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। गांवों में जांच तेजी से कराई जा रही है। संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आ रही है। मरीजों के इलाज के समुचित इंतजाम किए गए हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग में 37, तथा निजी अस्पताल आस्था में दो, सावित्री में दो व स्टार न्यूरो में भर्ती एक मरीज का इलाज चल रहा है, जबकि निजी अस्पताल वेदांक में एक भी मरीज नहीं है। उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
96 केंद्रों पर 4355 लोगों को लगा कोरोना का टीका
देवरिया। जनपद में शुक्रवार को टीकाकरण कार्य में कुछ तेजी आई। दस केंद्रों पर युवाओं को वैक्सीन की डोज दी गई। वहीं एक केंद्र पर बारह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता को टीका लगाया गया। इन केंद्रों पर युवाओं में वैक्सीन को लेकर उत्साह दिखा। उधर अन्य केंद्रों पर भी लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे। वहीं कुछ लोग टीकाकरण को लेकर लापरवाह बने हुए हैं।
जनपद के 96 केंद्रों पर शुक्रवार को कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 1037 युवाओं, 969 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 2121 लोगों, दो हेल्थ केयर वर्करों, आठ फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की प्रथम तथा 218 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। लक्ष्य 11850 के सापेक्ष 4355 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। कुल उपलब्धि 36.75 प्रतिशत रही। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद में टीकाकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करें। सभी लोग बारी आने पर टीका जरूर लगवाएं।
टीकाकरण का विशेष अभियान शुरू
देवरिया। शहर के नगर पालिका रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय पर बैंक कर्मियों के लिए शुक्रवार को टीकाकरण के विशेष अभियान का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक एसके उपाध्याय ने किया। इसमें 18 से 45 वर्ष आयु तक के 50 बैंक कर्मियों को वैक्सीन की डोज दी गई। इस दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक राकेश कुमार, सेंट्रल बैंक के नोडल अधिकारी राकेश कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक शहंसा जावेद आदि मौजूद रहे।