चाकू घोंपकर छात्र की हत्या में चार आरोपी गिरफ्तार
देवरिया। कुशीनगर जनपद निवासी छात्र आदित्य उर्फ पीयूष हत्याकांड के चार आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अज्ञात आरोपी की भी पुलिस ने पहचान कर ली है। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने छात्र के गले में धंसा चाकू निकाल कर पुलिस को सौंप दिया है।
कसया थाना क्षेत्र के पिपराझाम निवासी पीयूष तिवारी 20 बीए का छात्र था। सोमवार की शाम भीखमपुर रोड के पास मामूली विवाद में गले में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में विंदवलिया गांव निवासी मामा अंकित मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को पुलिस ने सत्यम, मंगलम, रोहन उर्फ शिवम और टार्जन को गिरफ्तार कर लिया। घायल शिवम का इलाज पुलिस की देखरेख में जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि नामजद एक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। एक अज्ञात युवक की भी पहचान हुई है, जो घटना में शामिल था। पुलिस के अनुसार, घटना का कारण मोबाइल फोन पर गाली-गलौज है। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।