रामपुर बुजुर्ग। यूपी बॉर्डर पर निगरानी नहीं होने से तस्कर आराम से शराब लेकर बिहार पहुंच रहे हैं। मंगलवार को जिले से सटे बिहार के गुठनी इलाके के चिताखाल गांव के समीप गुठनी पुलिस ने एक कार से 364.5 लीटर अवैध शराब बरामद की। शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।
जानकारी के मुताबिक गुठनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूपी के रास्ते बिहार में शराब भेजी जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस संदिग्ध वाहनों की तलाशी ले रही थी। इस दौरान एक कार चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 364.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन समेत शराब को कब्जे में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इस संबंध में गुठनी एसओ मनीष कुमार ने बताया कि फरार चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। संवाद