बिजली की समस्या से जूझ रहे 350 गांवों के लोग
- फोटो : Getty
देसही देवरिया इलाके के लोगों को बिजली के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए महज कुछ घंटों की आपूर्ति की गई है। अधिकारियों का दावा है कि कसया सब स्टेशन में अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के चलते ऐसा हो रहा है। जल्द ही रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी। बिजली की आपूर्ति नहीं होने से इलाके के 350 गांवों में हाहाकार मच गया है। विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली के खिलाफ उपभोक्ताओं में गुस्सा है।
सिरसिया और इमिलिहा सब स्टेशन से देसही देवरिया इलाके में बिजली की आपूर्ति की जाती है। शनिवार को सुबह आंधी और बारिश के चलते बिजली के पोल और तार टूट गए। सोमवार को दिन में बिजली के तार और पोल को दुुरुस्त कर लिया गया। उपभोक्ताओं के गुस्से को देखते हुए सोमवार को आनन-फानन में रात 11 बजे से बिजली की आपूर्ति बहाल की गई। हालांकि रात दो बजे बिजली की सप्लाई बाधित कर दी गई।
आस-पास के गांवों के लोग रात के समय विद्युत उपकेंद्र में पहुंचे। बिजली सप्लाई बाधित करने का कारण पूछा। उपभोक्ताओं का तेवर देख कर्मचारी भाग निकले। उधर, कसया सब-स्टेशन में 63 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। दरअसल कसया सब स्टेशन से दोनों सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति होती है। इसके चलते मंगलवार को दिन में भी दोनों सब- स्टेशन से जुड़े गांवों में मंगलवार को दिन में बिजली आपूर्ति ठप रही। एसडीओ सचिन सिन्हा ने बताया कि कसया सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने का काम चल रहा है। रात 10 बजे से रात दो बजे तक आपूर्ति बहाल की जा रही है इसके चलते कुछ दिन तक आपूर्ति प्रभावित रहेगी।