देवरिया। इस साल बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात से जिले में फसलों को नुकसान नहीं हुआ है। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आपदा 46 लोगों के घरों को नुकसान हुआ था, जिसमें से 34 कच्चे मकान वालों को क्षतिपूर्ति दी जाएगी। इसके अलावा एक दुधारू भैंस व करीब 400 बकरियों की मौत हुई थी, जिसके लिए उनके मालिकों को क्षतिपूर्ति दी जानी है।
आपदा से प्रभावित कृषकों को कृषि निवेश अनुदान राशि के अंतरण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से प्रभावित कृषकों के खातों में अनुदान राशि अंतरित की। राजस्व विभाग के अनुसार देवरिया जिले में फसलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
लेकिन 25 से 27 सितंबर तक चक्रवात एवं अतिवृष्टि एवं अन्य आपदा से फसल क्षति, पशुहानि, जनहानि और मकान क्षति से प्रभावित जनपद के कृषकों को राहत राशि वितरित की गई। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन के गांधी सभागार में दिखाया गया।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रसाद राठौर, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।