देवरिया। कुशीनगर जिले के कसया पावर हाउस की 33 केवी मेन लाइन का तार बुधवार सुबह में रामाभार पुल के पास टूटकर गिर गया। जिससे तरकुलवा व बघौचघाट बिजली घरों से जुड़े लगभग 450 गांवों की आपूर्ति छह घंटे तक ठप रही। बिजलीकर्मियों ने टूटे तार को ठीक कर शाम को बिजली आपूर्ति बहाल की, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
तरकुलवा एवं बघौचघाट बिजली घरों की मेन सप्लाई कसया पावर हाउस से होती है। मेन लाइन के तार काफी जर्जर हो चुके हैं, जिससे अक्सर ब्रेकडाउन और मेन लाइन में खराबी होने से दोनों बिजली घरों से जुड़े गांवों की सप्लाई ठप होती रहती है। बुधवार सुबह 10 बजे के करीब 33 केवी के मेन लाइन का तार कुशीनगर जिले के रामाभार पुल के पास टूटकर गिर गया। जिससे दोनों बिजली घरों की सप्लाई ठप हो गई। लोगों को भीषण गर्मी में पंखा झल कर दिन गुजारना पड़ा। इलाके के सभी कस्बों के व्यवसायिक प्रतिष्ठान इससे बंद रहे। सायं चार बजे के करीब आपूर्ति बहाल हुई तब जाकर लोगों ने राहत महसूस किया। अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि कसया से आने वाली में लाइन का तार रामाभार पुल तक ज्यादा जर्जर हो गया था, जिसके चलते आपूर्ति ठप थी। शाम तक इसे दुरुस्त करा लिया गया।