चुनाव डियुटी से नाम कटवाने के लिए बच्चे को गोद में लेकर प्रेक्षक से गुहार लगाती शिक्षिका।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज से अव्यवस्था के बीच एक नगरपालिका और चार नगर पंचायत के लिए 185 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। मतदान कर्मियों को स्टेशनरी के लिए जहां तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। वहीं लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा।
मतदानकर्मी रवानगी स्थल राजकीय इंटर कॉलेज में तय समय 7.30 बजे पहुंच गए। चार घंटे इंतजार के बाद 11 बजे से मतदान के लिए स्टेशनरी वितरण शुरू हुआ। खुले आसमान धूप में मतदान कर्मियों को परेेेशानियों का सामना करना पड़ा। मतदानकर्मियों के लिए पीने की पानी और नाश्ता का कोई इंतजाम नहीं था। एक किनारे सिर्फ नगरपालिका की ओर से पानी की टंकी लगाई गई थी जो शोपीस बना रहा। नगरपालिका देवरिया के लिए 151, रामपुर कारखाना के लिए 10, बरियारपुर के लिए 13 और गौरीबाजार नगर पंचायत के लिए 11 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। देवरिया नगर पालिका के लिए 15, रामपुर कारखाना के लिए एक, बरियारपुर के लिए दो और गौरीबाजार में एक पोलिंग पार्टी रिजर्व में रखी गई है। पोलिंग पार्टियों को उप निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार, एसडीएम सदर राकेश सिंह, बीएसए उपेंद्र कुमार, चकबंदी सीओ धीरेंद्र वर्मा, डीडीओ श्रीकृष्ण पांडेय, तहसीलदार राहुलदेव भट्ट मुस्तैद रहे।
बच्चों को लेकर परेशान दिखीं महिलाएं
देवरिया। निकाय चुनाव ड्यूटी में आई कई महिला मतदानकर्मी बच्चों को लेकर परेशान रही। घर पर छोटे बच्चों का देखभाल करने वाला कोई नहीं था। इसलिए मजबूरी में साथ लेकर आने की बात कही। ऐसे कई महिला मतदानकर्मी परेशान नजर आई।
ड्यूटी कटने की कर रही थीं उम्मीद
देवरिया। दिन में दो बजे तक कई मतदानकर्मी कंट्रोल रूम में अपना हस्ताक्षर नहीं किए थे। ग्राउंड में बैठी महिला शिक्षक एनाउंस होने के बाद नहीं जा रही थीं। उनको उम्मीद थी कि मतदान से ड्यूटी कट जाएगी। जब बीएसए उपेंद्र कुमार ने एनाउंस कराया है कि अनुपस्थित शिक्षकों पर निलंबन की कार्रवाई होगी। इसके बाद ड्यूटी कटने की इंतजार में बैठी महिला शिक्षक पहुंचीं।