सलेमपुर (देवरिया)। परिजनों द्वारा नशा करने से रोकने से नाराज होकर एक युवक ने बृहस्पतिवार की भोर में ट्रेन से कटकर जान दे दी। पुलिस के बुलाने पर युवक के परिवार वालों ने शव लेने से इन्कार कर दिया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नूरीगंज निवासी मजहर हुसैन का 18 वर्षीय बेटा रहमान टेंपो चलाता था। आए दिन नशे में देर रात घर लौटता था। घर वाले उसकी इस आदत से परेशान थे और इसे लेकर अकसर कहासुनी भी होती थी। उसे नशे के चंगुल से निकालने के लिए बुधवार को मजहर हुसैन ने पड़ोसियों से मदद मांगी। देर रात तक घरवालों के साथ पड़ोसियों ने भी रहमान को नशा से दूर रहने की नसीहत दी। माना जा रहा है कि इससे क्षुब्ध होकर ही उसने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बृहस्पतिवार को सुबह के करीब पांच बजे शौच करने गए लोगों ने 117 नंबर क्रॉसिंग के समीप रेलवे ट्रैक पर रहमान का शव देखा। लोगों ने इसकी जानकारी उसके घरवालों और पुलिस को दी। पुलिस के बुलाने पर परिजन शव लेने से इन्कार कर दिया। जीआरपी एसओ अरविंद मौर्य ने का कहना है कि मामला पारिवारिक कलह के कारण आत्महत्या का लग रहा है। इसकी जांच कराई जा रही है।