देवरिया। कलेक्ट्रेट में डीएम की गाड़ी रोकने वाले रुद्रपुर के खोपा और लीलापुर भैसहां के प्रधान समेत तीन लोगों पर पुलिस ने सीएलए एक्ट की कार्रवाई की है। पुलिस ने यह कार्रवाई कलेक्ट्रेट के नाजिर इंद्रभूषण तिवारी की तहरीर पर की है। मंगलवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।
रुद्रपुर के खोपा और लीलापुर भैंसहा गांव के लोग निलंबित कोटे की दुकान बहाल किए जाने से नाराज होकर ग्राम प्रधान अशोक के नेतृत्व में सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंच गए। डीएम से मिलने में देरी होने पर ग्रामीण उग्र हो गए। डीएम की गाड़ी को ग्रामीणों ने रोक लिया। इस बीच डीएम से उनकी नोक-झोंक भी हुई। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्राम प्रधान अशोक, गुलशन और अजय को हिरासत में ले लिया था। डीएम सुजीत कुमार के निर्देश पर नाजिर इंद्रभूषण तिवारी ने तीनों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ सीएलए एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है।