देवरिया। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा इजाफा होने के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लगी है। जबकि कच्चे तेल की कीमत घटी है। इसके बावजूद कीमतों को कम नहीं किया जा रहा है। इसके पहले कार्यकर्ता टाउनहाल स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह राकेश ने किया। कलेक्ट्रेट में सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि मोदी का कार्यकाल विफलताओं से भरा है। केंद्र और प्रदेश सरकार जन अपेक्षाओं पर खरा साबित नहीं हो पा रही है। तीन वर्षों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। भरपूर बिजली आपूर्ति का दावा हवाहवाई साबित हो रहा है। अपराध रुकने के बजाए बढ़ रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी। नौशाद खां ने कहा कि योगी सरकार में जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा है। फरियादियों की थाने पर सुनवाई नहीं हो रही है। राजेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की हकीकत सामने आ गई है। रमेशचंद्र वर्मा ने कहा कि महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है। इस दौरान सत्यप्रकाश मणि, सुहेल अंसारी, रमाशंकर यादव आदि मौजूद रहे।