मतगणना पर्यवेक्षक, सहायक का हुआ प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मतगणना कार्य के लिए पर्यवेक्षक मतगणना सहायक का प्रथम प्रशिक्षण शनिवार को इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय टाउन हाल में दो पाली में हुआ। प्रथम पाली में 14 और द्वितीय पाली में 17 कार्मिक अनुपस्थित रहे। उनका प्रशिक्षण सोमवार को विकास भवन के गांधी सभागार में होगा।
सीडीओ व प्रभारी अधिकारी कार्मिक, प्रशिक्षण) रवींद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि मतगणना स्थलों से प्राप्त मतपेटिकाओं की रिटर्निंग अधिकारी जांच करेंगे। मतगणना शुरू होने पर डाक मतपत्रों की मतगणना सबसे पहले की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी मतपत्र के लिफाफों को खुलवाएंगे और लिफाफे पर लिखे मतपत्र की संख्या से मिलान करेंगे। पोस्टल बैलेट की मतगणना में प्रत्याशीवार मतों का विवरण पहले दर्ज किया जाएगा। इसके बाद मतदान स्थल, वार्डवार निर्धारित मतगणना मेजों पर मतपत्रों की गणना का कार्य किया जाएगा। मतपेटिका की गणना पर्यवेक्षक जांच करेंगे। इसके बाद मतपेटिका को उम्मीदवारों, अभिकर्ताओं को दिखाया जाएगा। मतपत्रों को निकालकर खाली मतपेटिका गणना अभिकर्ताओं को भी दिखाई जाएगी। यह सावधानी रखी जाए कि कोई मतपत्र मतपेटिका के अंदर न रह जाए। प्रत्येक मतपेटी में सदस्य, अध्यक्ष के लिए डाले गए मतपत्र अलग-अलग रंग के होंगे। सबसे पहले रंगों के आधार पर मतपत्रों की अलग-अलग छटनी की जाएगी। इस प्रकार रंगों के आधार पर छांटे गए मतपत्रों को उलटा रखते हुए 50-50 मतपत्रों की गड्डी बनाई जाए। 50 से कम मतपत्र बचने उसकी अलग गड्डी बनाई जाएगी। अलग-अलग पदों के लिए बनाई गई गड्डियों में से अध्यक्ष तथा सदस्य पद के मतों की गणना प्रत्याशीवार एक साथ की जाएगी तथा प्रत्याशीवार मतों का विवरण गणना पर्यवेक्षक की ओर से तैयार कर संबंधित वार्ड के सदस्य पद के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। संदिग्ध मतपत्रों को एक अलग बंडल में रखा जाएगा। मतगणना के बाद सभी अभिलेखों के बंडल तथा मतपत्रों के बंडलों को रिटर्निंग अधिकारी सील करेंगे। मतगणना स्थल पर प्रत्याशी व गणना अभिकर्ता को सील किए गए मतपत्रों पर अपनी मुहर व मतगणना सील लगाने दिया जाएगा। इसके अलावा मतगणना कार्य की बारीकियों के बारे में जानकारी गई।