नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष के 172, सभासद पद के 1506 उम्मीदवारों के भाग्य का होना है फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर निकाय चुनाव के मतदान की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूरी होने के बाद सभी उम्मीदवार वोटों की गुणा-गणित में जुटे हैं। समर्थकों से बूथवार आंकड़े लिए जा रहे हैं। इन आंकड़ों में कोई भी प्रत्याशी खुद को हारता हुआ नहीं पा रहा है। लिहाजा अंदर ही अंदर अब जीत के जश्न की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। फूल, मिठाई के ऑर्डर दिए जा रहे हैं। बैंडबाजे वालों को भी मतगणना के दिन के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
ऑर्डर लेने वाले माली, हलुवाई चुनाव का मिजाज समझते हुए फूंक कर कदम रख रहे हैं। इन्हें भी पता है कि एक नगर निकाय से एक ही अध्यक्ष की जीत होनी है। ऐसे में कई ऑर्डर दे रहे तो उनसे फूल मंगाने के लिए एडवांस रकम ली जा रही है। कारोबारी प्रत्याशियों का नाम बताने से परहेज कर रहे हैं। उनका कहना है कि एडवांस देने वाले हर उम्मीदवार यह बात गोपनीय रखने की हिदायत दी है। जिले की 17 नगर निकायों को मिलाकर अध्यक्ष पद के 172 व सदस्य के 1506 उम्मीदवार मैदान के भाग्य मतपेटिका में कैद हैं। 13 मई को मतगणना के दौरान इनके भाग्य का फैसला होगा। नगर पालिका परिषद देवरिया की बात करें तो यहां तीन से चार ऐसे प्रत्याशी हैं, जो जीत की रेस में आगे हैं। हार-जीत का अंतर बहुत नहीं रहेगा। इधर वार्डों की स्थिति भी बदली हुई है। कई नये चेहरे इस बार सभासद के रूप में चुनकर आएंगे।
-
12 मई को शहर के दो नगर पालिका अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने मुझे लड्डू बनाने के लिए बुलाया है। हालांकि अभी किसी ने एडवांस नहीं दिया है। हो सकता है आजकल में फिर से कुछ कहें।
- सोनू, हलुवाई।
वैसे तो माला के लिए कई नेताओं के समर्थक आकर कह गए हैं, लेकिन उस दिन कितने लोग आएंगे, इसकी संख्या हम सभी को पता है। इसलिए हम लोग उतनी ही तैयारी रख रहे हैं, जिससे नुकसान न उठाना पड़े। - राणाप्रताप फूल कारोबारी