सोहनपुर के एकडंगा मोड़ से दो महिलाओं सहित तीन को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। बनकटा थाना के ग्राम पचरुखिया में दो दिन पूर्व हुई दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को सोहनपुर के एकडंगा मोड़ से दो महिलाओं सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के बाद न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि ग्राम पचरुखिया में बृहस्पतिवार को दोपहर में विवाहिता निपुल देवी उर्फ तिरंगा की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इसी दौरान सूचना पाकर गांव में पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पुलिस मृतका निपुल देवी के पिता वीरेंद्र यादव निवासी ग्राम ठेपहा थाना जीरादेई, जनपद सिवान, बिहार के नामजद तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न व हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में थी। पुलिस उसमें से पप्पू यादव, चचेरी सास जयंती देवी, सास रमावती देवी निवासी ग्राम पचरुखिया थाना बनकटा को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे बिहार की तरफ भागने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दो महिलाओं सहित मृतका के देवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।