खेल निदेशालय व उप्र फुटबाल संघ के समन्वय से 19 से 26 जून मऊ में होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खेल निदेशालय की ओर से 19 से 26 जून तक मऊ में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए जिला व मंडल ट्रायल हो चुका है। स्टेट के लिए घोषित गोरखपुर मंडल की टीम में मंडल ट्रायल के बाद जिले के तीन खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ये तीनों अपने प्रशिक्षक की देखरेख में खुद को और बेहतर करने में लगे हुए हैं।
प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12 जून को जिला ट्रायल आयोजित हुआ था। इसके बाद चुने गए 10 खिलाड़ियों को 13 जून को मंडल ट्रायल में भेजा गया। गोरखपुर मंडल की टीम की घोषणा की गई तो इसमें जिले के तीन खिलाड़ियों ने स्थान बनाया है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम के फुटबाल प्रशिक्षक विजय कुमार पाल ने सोमवार को बताया कि गोरखपुर मंडल टीम में स्टेट के लिए जिले से लेफ्ट हॉफ खेलने वाले अमन चौरसिया, लेफ्ट साइड बैंक के रूप में टीम में योगदान देने वाले सोहन यादव व स्ट्राइकर के रूप में खेलने वाले मो. अफ्फान का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी चयनित लड़के स्टेट में प्रतिभाग के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। बेहतर प्रदर्शन के बल पर वह गोरखपुर मंडल के लिए अच्छा प्रदर्शन कर खिताब जिताने में योगदान करेंगे।