फोटो समाचार.........
चौथे दिन कांग्रेस के अखिलेश सिंह के अलावा छह प्रत्याशी करेंगे पर्चा दाखिल
बड़ी संख्या में तैनात दिखी पुलिस, कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा का दिखा पुख्ता इंतजाम
जांच के बाद ही मिल रहा था प्रवेश, ड्रोन से की जा रही निगरानी
आज भी रहेगा यातायात डायवर्जन, शहर में नहीं प्रवेश करेंगी छोटी व बड़ी गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। देवरिया कलक्ट्रेट परिसर में चल रहे देवरिया संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए चौथे दिन यानी बृहस्पतिवार को भाजपा से शशांक मणि त्रिपाठी सहित तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इस सीट से कांग्रेस के अखिलेश सिंह के अलावा छह प्रत्याशी शुक्रवार को अपना नामांकन करेंगे। वहीं, बसपा की ओर से चुनाव मैदान में संदेश यादव उर्फ मिस्टर को प्रत्याशी को मैदान में उतारा गया है। संदेश शुक्रवार को पर्चा की खरीदारी कर सकते हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देवरिया कलक्ट्रेट परिसर में सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
तीसरे दिन चीनी मिल परिसर स्थित मैरिज हॉल में सभा संपन्न करने के बाद नामांकन के लिए जुलूस के साथ भाजपा प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी निकले। उन्होंने चार सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। इसी तरह भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के प्रत्याशी त्रिगुनानंद त्रिपाठी ने एक सेट में तो निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कुमार ने एक सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। चौथे दिन कांग्रेस प्रत्याशी ने चार सेट में तो मोडरेड पार्टी से राजू चौहान ने दो सेट में नामांकन पर्चा लिया।
शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी रामदास मिश्र, हिंद फोरम से शैलेंद्र कुमार, अखिल भारतीय हिंदू महासभा से अशोक कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय समानता दल से अगम स्वरूप कुशवाहा व निर्दलीय प्रत्याशी सतेंद्र कुमार मल्ल नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे।
अब तक कुल 25 दावेदारों ने 52 सेट पर्चा लिया है। इसमें से पांच दावेदार नौ सेट में अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी समर में उतर चुके हैं।
कलक्ट्रेट की दोनों लेन रहीं बंद, पैदल यात्री ही गुजरे
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में चल रही नामांकन की प्रक्रिया को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती दिखी। सड़क की दोनों लेन की लगभग सारी दुकानें बंद थीं। दूसरी लेन में सिर्फ दवा की दुकानें खुली मिली, लेकिन भीड़ नदारद थी। नामांकन के लिए इस बार गेट से ही प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई थी। रोडवेज से लेकर कचहरी शिव मंदिर गेट तक देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग का दोनों लेन पर आवागमन था। यहां पर पुलिस मुस्तैद थी। सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चली प्रक्रिया के दौरान दूसरे दिन पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा खरीदा। पहले दिन नामांकन करने वाले जनता समता पार्टी से मुक्ति नाथ सिंह ने दो सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। दूसरे लेन से सिर्फ पैदल जाने वालों को जाने की अनुमति मिल रही थी।
जांच के बाद ही मिल रहा था प्रवेश, ड्रोन से की जा रही निगरानी
तीसरे दिन बुधवार को कलक्ट्रेट के स्थित न्यायालय जिलाधिकारी के कक्ष संख्या पांच में 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन चला। भाजपा के शशांक मणि सहित तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्य गेट पर ही सुरक्षा के मद्देनजर मेटल डिटेक्टर लगाया गया था। इससे होकर गुजरने के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा बारीकी से जांच करने के बाद ही प्रत्याशी व उनके प्रस्तावक को अंदर जाने की अनुमति मिल रही थी। बिना जांच किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। मुख्य गेट से अंदर आने वाले हर व्यक्ति की वीडियोग्राॅफी भी कराई जा रही थी। वहीं ड्रोन से भी निगरानी कराई जा रही थी। एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्वत व एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने सुरक्षा की कमान संभाली थी। कलक्ट्रेट गेट से शिवमंदिर बैरिकेडिंग तक सलेमपुर सीओ दीपक शुक्ला व भाटपार रानी सीओ शिव प्रताप सिंह कमान संभाले हुए थे।
आज भी रहेगा यातायात डायवर्जन, शहर में नहीं प्रवेश करेंगी छोटी व बड़ी गाड़ियां
देवरिया। कलक्ट्रेट में चल रही नामांकन प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए शहर में बृहस्पतिवार को रूट डायर्वजन रहा, जो 10 मई को भी रहेगा। शुक्रवार यानी 10 मई को इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश सिंह अपना नामांकन करेंगे। नामांकन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए गोरखपुर से सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर की तरफ जाने वाले भारी और हल्के वाहन बैतालपुर से पाण्डेय चक से डुमरी से पड़री मल्ल, सोनूघाट होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। इसी तरह सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर से गोरखपुर की तरफ जाने वाले भारी और हल्के वाहन सोनूघाट से पड़री मल्ल से डुमरी से पाण्डेय चक से बैतालपुर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
इन्हाेंने लिए पर्चे
1. अखिलेश प्रताप सिंह कांग्रेस पार्टी 04 सेट
2. राजू चौहान मोडरेट पार्टी 02 सेट