फोटो समाचार.....
- बेघर हुए लोगों ने मदद की लगाई गुहार
- महुआडीह के पड़ियापार गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। पड़ियापार गांव में शनिवार तड़के एक छप्पर में आग लग गई। घर के लोग अंदर सो रहे थे। किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। जब तक लोग आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक आग बगल के दो और लोगों के छप्पर तक पहुंच गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की मदद से गांव के लोगों ने आग पर काबू पाया। तब तक तीनों छप्पर जल गए।
महुआडीह थानाक्षेत्र के पड़ियापार गांव के पपउर टोला पर शनिवार की तड़के तीन बजे के करीब लोग अभी अपने घरों में सो रहे थे। इसी बीच हरिश्चंद्र राजभर के छप्पर में आग लग गई। घर के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। उनके शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर जुट गए। तब तक आग ने दुर्गावती देवी और कुलदीप राजभर के छप्पर व टिनशेड को भी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड और गांव के लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर करीब दो घंटे बाद किसी तरह काबू पाया गया। तब तक तीनों लोगों का छप्पर पूरी तरह जल गया।
आग में जलने से दुर्गावती देवी की चार बकरियां मर गईं। अन्य सामान के अलावा पांच हजार रुपये नकदी भी जल गई। हरिश्चंद्र की आठ बकरियां जलकर मर गईं। एक गाय भी गंभीर रूप से झुलस गई। एक साइकिल, एक मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकदी भी जल गया। वहीं, कुलदीप का ठेला, दो साइकिलें, एक मोबाइल और छह हजार रुपये नकदी जल गया। आग से तीनों परिवारों की कुल सात लाख रुपये से अधिक की क्षति बताई जा रही है।
सूचना पर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने क्षति का आकलन किया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से राशन व शीघ्र मदद की गुहार लगाई है। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका। कुछ लोग शक जता रहे थे कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकता है।