लूट के मोबाइल फोन और नकदी के साथ तीन गिरफ्तार, जेल
पिपरा खेमकरन के पास हुई लूट का पुलिस ने किया पर्दाफाश
लुटेरों के पास से 4100 रुपये नकद और पीड़ित का आधार कार्ड भी मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय थानाक्षेत्र के पिपरा खेमकरन गांव के पास चार दिन पूर्व हुई लूट का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है। बुधवार की सुबह घटना में शामिल तीन युवकों को पुलिस ने बालेपुर गांव के समीप से गिरफ्तार लिया। आरोपियों के पास से लूट का मोबाइल फोन और पर्स बरामद हुआ है। इसमें 4100 रुपये नकद और पीड़ित का आधार कार्ड मिला है। तीनों आरोपियों को लूट और मारपीट के तहत दर्ज केस में जेल भेज दिया गया।
भटनी थानाक्षेत्र के परसौनी गांव निवासी शिवम गोड़ गांव के शशि कुमार के साथ चार दिन पूर्व भलुअनी थाना क्षेत्र के बढ़या फुलवरिया उसकी बहन के घर गए थे। देर रात लौटते समय पिपरा खेमकरन गांव के पास पहुंचे थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक बाइक रोक ली और शिवम के पॉकेट से पर्स और मोबाइल लूटकर भागने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई की। शिवम की तहरीर पर पुलिस मारपीट और लूट का केस दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि बुधवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध लोग बालेपुर गांव के पास घूम रहे हैं। सूचना के बाद जैसे ही मौके पर पुलिस की गाड़ी पहुंची, तीनों भागने लगे। तीनों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम दिव्यांशु मणि त्रिपाठी निवासी बकुची मिश्र, दूसरे ने आबिद अंसारी निवासी मगहरा थाना खुखुंदू तथा तीसरे ने राहुल चौहान निवासी बलुआ अफगान थाना भटनी बताया। तीनों ने लूटकांड में शामिल होने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान आबिद के पॉकेट से लूट का मोबाइल फोन और पर्स बरामद हुआ। पर्स में 4100 रुपये नकद और पीड़ित का आधार कार्ड मिला। तीनों को जेल भेज दिया गया।
कोर्ट के आदेश पर लूट का केस दर्ज
देवरिया। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट और लूट का केस दर्ज किया है। मामला सदर कोतवाली के ही नौतन गांव का है। केस दर्ज न होने पर पीड़ित ने न्यायालय से गुुुहार लगाई थी। सदर कोतवाली के नौतन गांव निवासी ओमप्रकाश मुसहर ने कोर्ट को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि 10 जून की सुबह अपने दरवाजे पर बैठा था। उसी दौरान मेरे गांव के शिवधर, सितु, शंभू और बिट्टू मेरे दरवाजे पर आए और मुझे गाली देते हुए मारने लगे। सितु ने रॉड से सिर में मार दिया। इससे सिर फट गया। अन्य तीनों बांह, पीठ और कमर पर लाठी-डंडे से मारे। मेरे भाई बचाने आए तो किसी तरह से मैं घर में भागा। इसके बाद सभी आरोपी घर में घुस गए। शंभू ने मेरी बेटी के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। जाते समय चारों ने धमकी दी। पीड़ित ओमप्रकाश का कहना है कि सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। एसपी से शिकायत की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद सदर कोतवाली पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने चारों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और लूट का केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।