देवरिया। दस फरवरी से शुरू होने वाले देवरिया महोत्सव को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। विभिन्न आयोजनों के लिए 29 संयोजक नियुक्त करते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंप दी गई है। शुक्रवार को डीएम ने बैठक कर कार्यक्रम संयोजकों को ड्यूटी समझाते हुए महोत्सव को भव्य बनाने में जीजान से जुटने के निर्देश दिए।
कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में डीएम अमित किशोर ने कहा कि दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता और तत्परता से करें। किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे, इसका पूरा ध्यान रखें। गठित समितियों के पूर्ण विवरण के अनुसार कलाकारों और गणमान्य व्यक्ति के परिवहन व्यवस्था के लिए गठित समिति का उत्तरदायित्व एडीएम प्रशासन, एएसपी, एसडीएम सदर, सीओ सदर, डीएसओ, एआरटीओ निभाएंगे। कलाकारों एवं गणमान्य की अवस्थापन की जिम्मेदारी एसडीएम सदर व सीओ सदर देखेंगे। आमंत्रण समिति में सीडीओ, एडीएम प्रशासन, एएसडीएम सदर, डीडीओ, डीपीआरओ, पीडी, डीसी मनरेगा व सहायक सूचना निदेशक शामिल हैं। स्वागत समिति का दायित्व एसडीएम सदर, ईओ गौरी बाजार व रामपुर कारखाना निभाएंगे। मुख्य मंच की व्यवस्था समिति में एएसडीएम सदर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, कर अधीक्षक नगर पालिका देवरिया, ईओ रामपुर कारखाना शामिल हैं। मुख्य अतिथि/कलाकारों के लिए ग्रीन रूम की व्यवस्था सीओ बरहज, नायब तहसीलदार रुद्रपुर, थानाध्यक्ष महिला थाना और ईओ सलेमपुर करेंगे। मुद्रण/प्रचार-प्रसार/सूचना समिति में एडीएम प्रशासन, एआईजी स्टांप, डीडीओ, डीआईओ व डीपीओ, स्वच्छता समिति में एडीएम वित्त, सीएमओ, डीपीआरओ, एडीपीआरओ सहित स्वच्छता समन्वयक को शामिल किया गया है। उद्घाटन एवं समापन समिति का दायित्व सीडीओ, एसडीएम सदर, एएसडीएम सदर, सीओ सदर, डीडी कृषि, बीआरडी पीजी और राजकीय महिला पीजी कॉलेज के प्राचार्य को सौंपा गया है। पार्किंग, शिल्प स्टॉल, फूड स्टॉल, सरस मेला स्टॉल, इंट्रीगेट, पुस्तक मेला आदि कार्यक्रमों के लिए गठित समिति में डीडी कृषि डीसी मनरेगा, डीएसओ, अधीक्षण अभियंता विद्युत, बीएसए, पीडी डीआरडीए, पीडी डूडा, एडीपीआरओ एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल किए गए हैं। बैठक में सीडीओ, एडीएम सहित अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।