देवरिया जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का विभागीय अधिकारियों ने टीम बनाकर निरीक्षण किया। 21 से 27 जुलाई तक हुए प्रेरणा पोर्टल निरीक्षण में कुल 27 शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए हैं। बीएसए ने इनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही एक दिन का वेतन भी काटने के निर्देश हुए हैं।
बुधवार को बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि 22, 23, 25, 26 व 27 जुलाई को टीम बनाकर परिषदीय स्कूलों की जांच की गई। टीम में सभी विकास खंड के बीईओ के अलावा मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज प्राथमिक हेल्थ सेंटर पथरदेवा, बीडीओ बरहज, डीसी कम्युनिटी, एडीओ पंचायत लार भी शामिल रहे।
प्रेरणा पोर्टल के जरिए किए गए निरीक्षण में कुल 27 अध्यापक, अध्यापिकाएं, शिक्षामित्र व अनुदेशक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए हैं। इनका विवरण प्रेरणा पोर्टल पर भी अंकित किया गया है।
इन सभी का एक दिन का वेतन काटने एवं कारण बताओ नोटिस दिया गया है। सात दिन के अंदर इन्हें स्पष्टीकरण का जवाब देना होगा। ऐसा नहीं किए जाने पर उनके विरुद्घ विभागीय नियमों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।