संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मंगोलिया भेजने का झांसा देकर एक एजेंट ने 25 युवकों से 30 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि एजेंट दो किस्तों में रुपये वसूली कर सभी को दिल्ली बुलाया और एयरपोर्ट से फ्लाइट है, कहकर फरार हो गया।
एयरपोर्ट पर पहुंचे पीड़ित एजेंट के मोबाइल पर फोन मिलाने लगे। उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया था। पीड़ित लौटकर एजेंट की तलाश में जुटे। जब वह नहीं मिला तो मंगलवार को एसपी विक्रांत वीर को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसपी ने सीओ सदर को जांच सौंपी है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया, गोरखपुर, हाटा, तरकुलवा, बिहार के गोपालगंज जनपद के विजयीपुर और भोरे के करीब 25 युवकों ने तरकुलवा क्षेत्र के गुलहरिया चौराहा स्थित शैलेश इंटर प्राइजेज ऑफिस में मंगोलिया जाने के लिए एजेंट को पासपोर्ट और 50-50 हजार रुपये दे रखा है।
आरोप है कि एजेंट ने यह रकम युवकों से वीजा मंगाने के नाम पर लिया था। तीन-चार दिन के बाद एजेंट ने सभी को दिल्ली द्वारिका मोड़ मेट्रो स्टेशन पर बुलाया।
जब सभी युवक उसके बुलाए पते पर पहुंच गए तो उसने एयर टिकट के लिए 60 से 70 हजार रुपये लगेंगे कहकर तत्काल रुपये जमा करने की बात कही। युवकों ने ऑनलाइन रुपये एजेंट के खाते में में भेज दिए ।
फिर उसने आठ अप्रैल को रात 11 बजे फ्लाइट होने की बात बताई। उस दिन सभी युवक शामकरीब चार बजे एयरपोर्ट परपहुंचे। इसके बाद एजेंट का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया।
एयरपोर्ट पर पता चला अन्य कई जगहों से एजेंट ने 10 और युवकों को बुलाया था। उनसे भी 1.20 लाख रुपये की ठगी होने की बात सामने आई। वहां से गांव लौटे पीड़ित युवकों ने गुलहरिया चौराहे पर पहुंच देखा तो ऑफिस बंद था।
फिर एजेंट का उसके आधार कार्ड से पता लगाते उसके घर कुशीनगर के लक्ष्मीगंज चंदपुर पहुंच गए। वहां एजेंट का नाम और फोटो दिखाने पर सभी ने अनभिज्ञता जताई। एजेंट धूरछापर पडरौना का रहने वाला निकला। पीड़ितों ने एसपी विक्रांत वीर से मिलकर एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने सदर सीओ को जांच सौंपी है।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।