भाटपार रानी। श्रीरामपुर थाना अंतर्गत चकिया कोठी-भवानी छापर मार्ग पर सड़क के किनारे वन महोत्सव के दौरान लगाए गए पेड़ों की अवैध कटान करने वालों पर वन विभाग ने जुर्माना लगाया है।
जांच में पता लगा है कि 25 हरे पेड़ बिना अनुमति के काटे गए हैं। कुछ लोगों द्वारा धार्मिक कार्य के नाम पर हरे पेड़ों की अवैध कटान की जा रही थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएफओ एवं क्षेत्रीय रेंजर से की थी। ग्रामीणों ने बताया कि चकिया कोठी-भवानी छापर मार्ग पर सड़क के किनारे दोनों तरफ कुछ साल पहले वन महोत्सव के दौरान श्रीफल, अर्जुन, यूकेलिप्टस, सागौन, आम, जामुन आदि पौधे लगाए गए थे।
पिछले कुछ दिनों से धार्मिक कार्य के इनको अवैध तरीके से कटवा कर लकड़ी बिहार भेजी जा रही थी। वन विभाग के भटनी रेंज की टीम ने इसकी जांच की। भटनी के रेंजर विजय मौर्य ने बताया कि मौके पर 25 पेड़ कटे हुए पाए गए। पेड़ काटने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ ही वन अधिनियम की धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद