खुखुंदू थाना क्षेत्र के रारबड़ी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पेड़ से टकरा गया। जिससे उसपर सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
खुखुंदू क्षेत्र के पिपरा खेमकरण गांव निवासी सुमित यादव पुत्र सुरेश यादव बुधवार की शाम को अपने दो दोस्तों संग बीरपुर मिश्र चौराहे पर गया था। बताया जा रहा है कि वहां से वह घर चला आया और फिर अकेले बाइक से गया। सुमित फिर से देर-रात बाइक लेकर घर लौट रहा था। वह अभी भलुअनी-महुंई मार्ग पर खुखुंदू क्षेत्र के रार बड़ी गांव के समीप पहुंचा था कि पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक पेड़ से जा टकराई। मौके पर ही सुमित की मौत हो गई।
घटना के बाद मां मनभावती देवी, बाबा शिवनाथ यादव, दादी सरस्वती देवी, भाई अमित यादव, मयंक यादव बदहवास पड़े है। उधर, सऊदी अरब में रह रहे पिता सुरेश यादव को अभी मौत की खबर नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।