देवरिया। हड्डी रोगियों को जिला अस्पताल से बिना इलाज कराए मंगलवार को वापस लौटना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद कोई डॉक्टर नहीं आए तो लोगों ने हंगामा मचाया। आरोप है कि सोमवार को भी डॉक्टर देरी से आए, इसकी वजह से दिक्कत हुई।
जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में डॉ पीएन कन्नौजिया, डॉ. एसके सिंह और डॉ. शुभलाल शाह की ड्यूटी थी। सुबह करीब नौ बजे मरीज पहुंचे और पर्ची जमा कर दिए। दोपहर दो बजे तक डॉक्टर के नहीं पहुंचने पर लोग हंगामा करने लगे। बड़का गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार, खोराराम की बाची देवी, परमा, मड़कड़ा की रेनू, प्रमिला का आरोप है कि पर्ची जमा कर कई घंटे के इंतजार के बावजूद एक भी डॉक्टर नहीं पहुंचा। सोमवार को भी दोपहर बाद एक डॉक्टर आए। करीब ढाई सौ हड्डी रोगियों को बिना इलाज कराए वापस लौटना पड़ा। इस बाबत सीएमओ डॉ.छोटेलाल ने बताया कि डॉ.शुभलाल शाह की पुलिस मेडिकल ड्यूटी लगी है। डॉ.पीएन कन्नौजिया ओटी में थे। डॉ.एसके सिंह को ओपीडी में होना चाहिए। ड्यूटी से लापता होने की बात गलत है।