देवरिया। मालवीय रोड और भटवलिया में हवाई फायरिंग होने से गैस एजेंसी मालिक के कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, इससे अफरातफरी मच गई। इसको लेकर देर रात तक कोतवाली पुलिस परेशान रही।
मालवीय रोड निवासी भारत गैस एजेंसी के मालिक रामू सिंह की कार मकान के बाहर खड़ी थी। रात करीब 10.40 बजे उधर से गुजर रहे स्कार्पियो सवार युवकों ने फायरिंग की। गोली लगने से मकान के बाहर खड़ी कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद युवक भाग गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कार पर गोली चलने को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा रहीं। वहीं भटवलिया में बाइक सवार कुछ युवकों ने रात को हवाई फायरिंग की। इस दौरान लगातार तीन राउंड गोली चली। गोली चलने के बाद देर बाद लोगों की भीड़ पहुंची। लेकिन देर रात तक पता नहीं चल सका कि गोली चलाने वाले कौन लोग थे। मोहल्ले के कुछ लोगों का कहना है कि युवक नये वर्ष के लिए दावत कर रहे थे। इस दौरान मनबढ़ई में हवाई फायरिंग किए। इस बाबत कोतवाल सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि गोली चलने की एक जगह से सूचना मिली थी, पुलिस भेजी गई थर, लेकिन कोई लिखित शिकायत नहीं मिली।