सलेमपुर। बिजली कटौती से गुस्साए लोग सड़क पर उतर गए। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने लाठी भांजकर लोगों को खदेड़ दिया। बाद में पहुंच एसडीएम रामविलास से वार्ता के बाद लोग शांत हुए।
नगर पंचायत के हरैया, पिपरा नाजिर, भरौली वार्ड टाउन फीडर से वंचित है। इसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्र के नवलपुर फीडर से इन वार्डों में आपूर्ति होती है। इसको लेकर कई बार नगरवासी टाउन फीडर से जोड़ने की मांग कर चुके हैं। लेकिन अफसर समाधान के बावजूद टरकाते रहे। गुरुवार की सुबह 10 बजे वार्डों के लोग एक्सईएन कार्यालय के सामने सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस जबरन जाम खुलवाने की कोशिश करने लगे। लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठी पटक कर लोगों को खदेड़ा। इससे लोग और उग्र हो गए और दुबारा सड़क जाम कर दिए। लोगों का तेवर देख पुलिस बैकफुट पर आ गई। एसडीएम और बिजली विभाग के अफसरों ने लोगों को वंचित वार्डों को जल्द टाउन फीडर से जोड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद 11 बजे जाम खत्म हुआ। इसकी वजह से एक घंटे तक देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। सड़क जाम करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष शंभूदयाल गुप्त, धनंजय यादव, सतीश पांडेय, सोनू यादव, विशाल वर्मा, राहुल जायसवाल आदि शामिल रहे।