रामपुर कारखाना। गंडक नदी के कटान से हरपुर बिंदवालिया गांव पर खतरे का संकट बढ़ गया है। 12 मकान और मुर्गी फॉर्म पानी में विलीन होने के कगार पर हैं। सामान सुरक्षित स्थान पर रखने में गांववाले जुट गए हैं। प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ गांववालों में नाराजगी है।
छोटी गंडक नदी में पानी बढ़ना शुरू हो गया है। इसके चलते आसपास के गांववालों की धड़कन बढ़ गईं हैं। बिंदवालिया टोला की हालत नाजुक है। ‘अमर उजाला’ की टीम शनिवार को गांव में पहुंची तो गांववालों का दर्द जुबां पर आ गई। संतोष निषाद ने बताया कि पानी की जद में मकान आ गया है। अब क्या होगा, यह सोच कर दिल घबरा रहा है। धर्मेंद्र राव, व्यास साहनी, छविराज, गजेंद्र, रविंद्र, बल्ली, गाम्हा, कौलेशर, भागवत, रामदास, राजेंद्र साहनी और राजाराम साहनी ने कहा कि प्रशासन कोई इंतजाम नहीं करता है तो टोला नदी में विलीन हो सकता है। कविराज का एक बीघा मक्का के खेत डूब गया है। गजेंद्र साहनी, जोखू सहित अन्य गांववालों ने प्रशासन ने पहल की अपील की है। जिला पंचायत सदस्य घनश्याम गोंड ने डीएम से बाढ़ से बचाव के लिए इंतजाम कराने की अपील की है।