212 में राजस्व के पांच मामलों का मौके पर निस्तारण
बरहज (देवरिया)। नए साल के पहले संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम अमित किशोर और एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान 212 मामले आए, जिसमें से पांच मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष मामले संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
मंगलवार को एसडीएम सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। करीब 11:30 बजे डीएम अमित किशोर और एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र पहुंचे। दोपहर 12 बजे से फरियादियों की भीड़ में इजाफा हो गया। गौरा-कटइलवा मुक्तिधाम के अध्यक्ष जयप्रकाश मिश्र ने मुक्तिधाम के विकास के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर डीएम ने ईओ चंद्रकृष्ण पांडेय को समुचित प्रबंध कराने का निर्देश दिया। मुरासो निवासी और कमांडो नितीश आजाद ने एक मामले में लंबे समय से तहसील का चक्कर लगाने का आरोप लगाया। राजस्व के 106, पुलिस और विकास 18-18, अन्य 70 सहित 212 मामले आए। इस दौरान तहसीलदार वंशराज राम, डीपीआरओ आनंद प्रकाश, बीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, सीओ रुद्रपुर अंबिकाराम, एडीआईओएस रामहुजूर, ईओ चंद्रकृष्ण पांडेय, एक्सईएन सचिन सिन्हा, इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह, प्रभुदयाल सिंह, सप्लाई युगुल किशोर, सच्चिदानंद सिंह, एबीएसए शैलेंद्र कुमार, चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल, एई अशोक द्विवेदी, डॉ. विजय प्रताप, शैलेंद्र प्रताप शाही, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।
बीडीओ भागलपुर और एक्सईएन बरहज पर जताई नाराजगी
संपूर्ण समाधान दिवस में भागलपुर ब्लॉक क्षेत्र के गड़ौना की जैतुनिशा पत्नी मोहम्मद इस्लाम ने नाली विवाद की शिकायत की जबकि एक अन्य ने मृत्यु प्रमाण पत्र न दिए जाने की शिकायत की। पैना निवासी मनीष सिंह ने जर्जर तार बदलवाने की मांग की। जिस पर डीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए बीडीओ भागलपुर और एक्सईएन बरहज पर नाराजगी जताई।