सलेमपुर। हाई टेंशन तार टूटने के कारण नवलपुर फीडर से जुड़े करीब 50 गांवों की आपूर्ति ठप रही। उमसभरी गर्मी के बीच लोगों को रात गुजारनी पड़ी। शनिवार को तार ठीक कर कर्मचारियों ने आपूर्ति बहाल किया।
लोकल फाल्ट और तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रह है। शुक्रवार की रात बंजरिया गांव के समीप अचानक हाई टेंशन तार टूट गया और बिजली चली गई। रात को लोगों ने बिजली बहाल करने के लिए जेई और कर्मचारियों को कई बार फोन किया। लेकिन आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। नवलपुर फीडर से 50 गांव के अलावा नगर के हरैया, भरौली और पिपरा नाजिर वार्ड संचालित होता है। बिजली के लिए लोगों को पूरी रात परेशान होना पड़ा। लोगों का आरोप है कि अधिकांश बिजली के तार ढीले हो गए हैं। इसकी वजह से तार टूटने और फाल्ट की समस्या बनी हुई है। 20 दिन पूर्व पिपरा नाजिर वार्ड में हाईटेंशन तार टूटने से फीडर ब्रेकडाउन रहा। जेई रोहिताश कुमार ने बताया कि रात को तार टूटने के कारण नवलपुर फीडर की आपूर्ति प्रभावित रही।
नाले में गिरा लाइनमैन, जख्मी
सलेमपुर। बंजरिया में शुक्रवार की रात हाईटेंशन तार टूट गया था। इसे ठीक करने के लिए सरकारी लाइनमैन राम प्रसाद पोल पर चढ़कर टूटे तार को ठीक कर रहा था। अचानक असंतुलित होकर पोल से गिर पड़ा। इससे उसका पैर जख्मी हो गया।