देवरिया। महिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती प्रसूता दुश्वारियां झेल रही हैं। वार्डों में गर्मी से उबल रहे मरीज राहत के लिए खुद का पंखा लगा रखे हैं। असमर्थ मरीज हाथ के पंखे का इस्तेमाल कर रहे हैं। बदइंतजामी के शिकार हो रहे मरीज अस्पताल की व्यवस्था को कोस रहे है।
महिला अस्पताल की अव्यवस्था कम होने का नाम नहीं ले रही है। पीएनसी वार्ड में दस से अधिक प्रसूताएं भर्ती हैं। इसमें लगा कूलर कई दिनों से खराब पड़ा है। छत में लगे पंखों की रफ्तार इतनी कम है कि गर्मी से निजात पाना मुश्किल है। इसकी शिकायत वार्ड में भर्ती प्रसूताओं के घर वाले कई बार सीएमएस से किए, लेकिन समाधान नहीं हुआ। मजबूरी में गर्मी से निजात के लिए खुद का पंखा लगा रखे हैं। प्रसूताओं का कहना है कि अगर अपना पंखा न रहे तो खुद बीमार पड़ जाएंगी। यहीं हाल सर्जिकल और सामान्य वार्ड का है। वहीं नर्सों का कहना है कि एक प्रसूता के साथ वार्ड में तीन से चार लोग रह रहे हैं। इसके चलते गर्मी अधिक हो रही है। मना करने के बावजूद लोग नहीं मान रहे हैं। सीएमएस डॉ. माला ने बताया कि वार्ड में लगा कूलर खराब होने की जानकारी नहीं है। लो वोल्टेज की वजह से पंखा सही तरीके से नहीं चल रहे हैं। इससे दिक्कत है। इसमें सुधार किया जाएगा।
मरीजों और दलालों में झड़प
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। गुरुवार को ओपीडी में डॉ. डीके सिंह के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ थी। गेट पर मौजूद दलाल रोगियों को अंदर जाने से रोक रहे थे। इसको लेकर मरीज के साथ आए लोगों और दलालों से कई बार झड़प हुई। इसके अलावा ओपीडी से कई डॉक्टर गायब थे। इसके चलते मरीजों को बिना इलाज कराए वापस लौटना पड़ा।