सलेमपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को आवास देने से नाराज ग्रामीणों ने तहसील दिवस पर प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी की मिलीभगत से जाति प्रमाण पत्र बदलकर ऐसा करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि जिस जाति के नाम पर आवास आवंटित हुआ है, उस जाति के लोग गांव में नहीं है।
ब्लॉक के मालीपुर गांव में अनुसूचित जाति का कोई परिवार नहीं है। बावजूद इसके प्रधान ममता देवी व ग्राम पंचायत अधिकारी संजय प्रसाद ने पिछड़ी जाति के लोगों को अनुसुचित जाति के आधार पर आवास आवंटित कर दिया। फर्जीवाड़ा की जानकारी होते ही गांववाले नाराज हो गए और इसकी शिकायत अफसरों से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे नाराज गांववाले मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व सीताराम गुप्त को शिकायती पत्र सौंपा। बृंदा देवी, मंजू देवी, संगीता, श्रीराम चौहान, सूर्यनाथ, महातम, सुकठ, शेषनाथ, कवलेश्वर, सुखदेव, सोनी, सत्यम आदि मौजूद रहे।
शिकायतों के निस्तारण पर जोर
मईल थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी बदरेआलम ने तहसील दिवस में शिकायत किया है कि शमशुल हसन जमीन बंटवारे के बाद पाकिस्तान चले गए। उनकी जमीन पर गांव के एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। वर्तमान में इस जमीन पर ईंट-भट्ठा चल रहा है। यहां से कब्जा हटाने की मांग किया गया। तहसील दिवस में 59 मामले आए। राजस्व के 19 मामलों में 13 मामलों को मौके पर निस्तारित कर दिया गया। इसके अलावे पुलिस के 5, विकास के 19 मामले, विद्युत व पूर्ति के पांच पांच, नगर पंचायत के चार, शिक्षा व नलकूप के एक एक मामले शामिल थे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर, एसडीएम राम विलास राम समेत सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।