देवरिया। शिक्षक दिवस पर स्कूल और कॉलेज में विविध कार्यक्रम हुए। शिक्षकों की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता होते हैं। समाज का दायित्व है ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ाएं। सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जबकि वित्तविहीन शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह कोऑपरेटिव बैंक सभागार में हुआ। डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होता है। राष्ट्र के निर्माण में योगदान करते हैं। सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा सत्यप्रकाश मणि ने कहा कि शिक्षक दायित्व को समझें। डीआईओएस एससी राम ने कहा कि शिक्षक छात्रों को तराशें, जमाना के अनुरूप ढालने की कोशिश करें। बीएसए उपेंद्र कुमार ने कहा कि स्कूलों का माहौल बदल रहा है। शिक्षक अब संवेदनशील हो रहे हैं। कार्यक्रम में सुदर्शन कुशवाहा, चंद्रावती राय, हीरालाल शर्मा, सुशीला त्रिपाठी, रामवृक्ष उपाध्याय, भरत प्रसाद, रामनवमी प्रसाद, शिवमंगल आदि को सम्मानित किया गया। उधर, जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से अवराचौरी में सम्मान समारोह हुआ। बीईओ पंकज सिंह ने कहा कि पठन-पाठन को बेहतर करने में शिक्षक आगे आएं। सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्या मंदिर में 12वीं परीक्षा के टॉप-10 छात्रों को सम्मानित किया गया। छात्रों ने एसपी राजीव मल्होत्रा से सफलता का फॉर्मूला पूछा। उन्होंने थ्री-डी फॉर्मूला अपनाने पर जोर दिया। कहा कि छात्र-छात्राएं समय प्रबंधन और अनुशासन को आत्मसात करें। प्रेस्टिज इंटर कॉलेज में सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट नवीन राय ने कहा कि गुरु-शिष्य का रिश्ता सबसे बेहतर है। इस दौरान प्रीति राय, डॉ. रामप्रीत तिवारी, अशोक कुशवाहा, प्रधानाचार्य एसएन सिंह, कन्हैया सिंह, शिवेश सिंह आदि ने संबोधित किया। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में शिक्षक दिवस मनाया। जामिया सैदुन्निसा महुआबारी में शिक्षक दिवस मनाया गया। किड्जी एंड स्कॉलर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर्स-डे मनाया गया। सनबीम स्कूल में केक काटकर शिक्षक दिवस मना। डॉ. राममनोहर लोहिया महाविद्यालय मालीबारी के बीएड विभाग में शिक्षक दिवस मना। सिद्धी पूर्वांचल पब्लिक स्कूल माड़ीपार में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अमेरिकन इंस्टीच्यूट ऑफ इंग्लिश लैंगवेज की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। शिक्षक दिवस की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया।
वित्तविहीन शिक्षकों ने धरना दिया
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संघ ने डीआईओएस कार्यालय परिसर में धरना दिया। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर सरकार की कार्यशैली का विरोध जताया। जिलाध्यक्ष मुमताज अली ने कहा कि दूसरी किस्त का भुगतान अविलंब करें। शिक्षकों की समस्याओं के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। मानदेय रोकने से सरकार की मंशा सामने आ गई है। प्रदेश सचिव बालेश्वर यादव ने कहा कि शिक्षक एकजुटता बनाए रखें। इस दौरान श्री नारायण यादव, अवधेश यादव, शैलेश गोंड, जितेंद्र सिंह, शोभा गोंड, आमिना खातून आदि रहीं।