देवरिया। ईद उल फितर सोमवार को धूमधाम से मनाई गई। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा की। उलेमाओं ने रमजान जैसी जिंदगी गुजारने की अपील की। भाईचारा कायम रखने और तरक्की की दुआएं मांगी। शहर और देहात के इलाके देर रात तक गुलजार रहे। हिंदू भाइयों ने गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी।
सोमवार का दिन, समय- सुबह सात बजे। शहर का ईदगाह। मालवीय रोड और नगर पालिका परिषद मार्ग। कुर्ता-पाजामा, पठानी सूट और टोपी लगाकर ईदगाह में दाखिल होने का सिलसिला शुरू हुआ, जो नमाज शुरू होने तक जारी रहा। ग्राउंड में जगह नहीं मिली तो लोग छत पर पहुंच गए। देर से आने वाले लोगों ने ईदगाह के बाहर मालवीय रोड पर नमाज अदा की। पेश इमाम मौलाना अशफाक अहमद कासमी ने कहा कि खुशियों का त्योहार ईद है। दूसरे लोगों की सहूलियत का ख्याल रखें। रमजान जैसी जिंदगी गुजारने की कोशिश करें। तहसील रोड जामा मस्जिद में मौलाना अहमद रजा मिस्बाही ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि एक महीने के रोजे के बाद ईद आई है। ईद की खुशियों में दूसरे को भी शरीक बनाएं। लोगों के दुख दर्द के हिस्सेदार बनें।
अफसर और नेताओं ने मुबारकबाद दी
ईद की बधाई देने के लिए अफसर और नेता ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचें। नमाज पढ़ कर निकले लोगों से गले मिला और मुबारकबाद दी। डीएम सुजीत कुमार, एसपी राजीव मल्होत्रा दल बल के साथ मालवीय रोड में आएं। ईदगाह के बाहर लोगों को बधाई दी। डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि ईद खुशियों का त्योहार है। इस दौरान चेयरमैन अलका सिंह, अखिलेंद्र शाही, राजेंद्र जायसवाल, ऋषिकेश मिश्र, अशोक मद्धेशिया आदि रहे।
गुब्बारा और खिलौनें खरीदा
बच्चों की जिद से परिवार के लोग बेहाल रहे। गुब्बारा और खिलौना खरीदने के लिए दुकानों में उमड़ पड़े। ईदगाह के दोनों तरफ भीड़ दिखी। इसके अलावा आइसक्रीम का स्वाद चखा। तहसील रोड स्थित अमन गेट के अलावा मुस्लिम बाहुल्य अन्य इलाके गुलजार रहे।
ईदी मिला, इतराएं बच्चें
देवरिया। ईदी हासिल करने के लिए बच्चों की जिद से लोग जूझते रहे। ईदी मिलने के बाद बच्चें खुशी से चहक उठें। दोस्तों से जिक्र कर इतराते रहे। कुछ बच्चों को रिश्तेदारों से गिफ़्ट भी मिला जबकि बच्चों को नकद दिए गए।
दस्तरख्वान पर सजे पकवान
मेहमानों के इस्तकबाल के लिए मुस्लिम घरों में दस्तरख्वान सजाएं गए थे। सेवइयों की विभिन्न वेराइटी का स्वाद चखा। हिंदू भाइयों ने ईद की मुबारकबाद दीं। देर रात तक मुस्लिम बाहुल्य इलाके में चहल पहल रही। मटन, चिकन, कबाब, छोला और नमकीन, दही बड़ा आदि पकवानों का लुत्फ उठाया। इसके अलावा केला, सेब और अनार भी रखा था।
ईद मिलन में सेवई का लुत्फ उठाया
देवरिया। नगर पालिका परिषद के कार्यालय परिसर में सोमवार को ईद मिलन हुआ। नमाज अदा कर घर लौट रहे लोगों ने सेंवई का लुत्फ उठाया। चेयरमैन अलका सिंह ने कहा कि ईद खुशियों का त्योहार है। आपसी भाईचारा कायम रखें। शहर को बेहतर बनाएं। इसके लिए सभी के सहयोग की जरुरत है। इस दौरान ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी, मोहम्मद इल्तिजा, सुजीत गुप्त, पुरुषोत्तम सिंह, काशी पांडेय आदि रहे।
अकीदत के साथ अदा की नमाज
देवरिया। देहात के इलाकों में सोमवार को ईद की नमाज अदा की गई। पेश इमामों ने नमाज अदा कराई। चौक चौराहों पर पुलिस बल सतर्क रहा। गांव में पुलिस गश्त करती रही। बघौचघाट के मेंहाहरंगपुर में मौलाना नियाज अहमद कासमी, पथरदेवा ईदगाह में मौलाना तसामुद्दीन, भेलीपट्टी में मौलाना शमसुद्दीन, सिंधावे में हाफिज इजहार, महुआरी में मौलाना शमसुद्दीन, मलसी में सूफी कलीम, घ़ुड़ीकुंड कला में मौलाना मुमताज, फरनहा में मौलाना बदरूद्दीन ने नमाज अदा कराई। तरकुलवा के दुबे टोला, कंचनपुर, मोतीपुर, गौरीबाजार के अशरफ नगर, थाना रोड, असनहर, इंदूपुर के अलावा बैैतालपुर के भण्डा में मौलाना मुजाहिद रजा ने नमाज अदा कराई। इसके अलावा इजरही, करजहां, सेखौना, विशुनपुरा, रामपुर कारखाना के मेन रोड ईदगाह, कोटवा आदि जबकि,देसही देवरिया इलाके के देवरिया बुद्धू खान, कौलाछापर, पिपरा मदन गोपाल, भटनी दादन और अवरही के अलावा खुखुंदू के जुआफर, जैतपुरा के अलावा करौदी बाजार इलाके के गुद्दीजोर, रामपुर अवस्थी,धुसवा, बरियारपुर, बैकुंठपुर, लोहरौली, मठिया-बिहार आदि गांवों में ईद की नमाज अदा की गई। आवाजाही से मुस्लिम बाहुल्य इलाकों गांवों में चहल पहल रही।