अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर (देवरिया)। कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह के एक ट्वीट ने यूपी के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को भी हरकत में ला दिया। मसला नकइल गांव में दस दिनों से जले ट्रांसफॉर्मर से जुड़ा था। कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व विधायक ने सुबह करीब आठ बजे सीएम ऑफिस के ट्वीटर एकाउंट पर नकइल गांव में 10 दिन से जला है ट्रांसफॉर्मर, लिखकर ट्वीट कर दिया। कांग्रेस के प्रवक्ता के ट्वीट के बाद मंत्री श्रीकांत शर्मा को हरकत में आ गए। उन्होंने अखिलेश प्रताप को समस्या का पूरा ब्योरा मेल करने को कहा। दूसरी ओर मंत्री ने देवरिया के बिजली विभाग के आला अधिकारियों को नोटिस दे दिया। प्रदेश के बिजली मंत्रालय से बिजली विभाग में नोटिस पहुंचते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विभाग की टीम वाहन लेकर नकइल पहुंच गई। वहां से जला ट्रांसफॉर्मर उठाकर वर्कशॉप में पहुंचा दिया गया। एसडीओ एके पॉल ने कहा कि नकइल का ट्रांसफॉर्मर रिपेयर हो रहा है। वहां 24 घंटे में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस बाबत पूर्व विधायक और कांग्रेस के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के झूठ की पोल यूं ही ट्विटर पर खोलता रहूंगा। यह सरकार सिर्फ सोशल मीडिया पर वर्कशॉप चला रही है। सरकार के वादे के मुताबिक सरकारी साइट पर शिकायतों का नोटिस भी नहीं लिया जा रहा है।